Khatu Shyam Mela Update, इसमें श्याम बाबा की नगरी खाटू धाम में फाल्गुन के महीने में भरने वाले फाल्गुन लक्खी मेले की तारीख सहित ताजा जानकारी दी गई है।
फागोत्सव यानी फाल्गुन लक्खी मेला खाटू श्याम मंदिर द्वारा आयोजित होने वाला सबसे प्रमुख त्योहार है जिसमें लाखों श्रद्धालु अपने आराध्य बाबा श्याम के दर्शनों के लिए सम्पूर्ण भारत से खाटू आते हैं।
2026 में खाटू श्याम फाल्गुन मेला कब भरेगा? - When will Khatu Shyam Falgun Mela be held in 2026?
इस वर्ष 2026 में खाटू नगरी में बाबा श्याम का मुख्य फाल्गुन लक्खी मेला आमलकी एकादशी के दिन यानी 27 फरवरी 2026 को भरेगा। इस बार मेला 8 दिनों के लिए भरेगा जो 21 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक चलेगा।
खाटू श्याम मेले की ताजा जानकारी - Latest updates about Khatu Shyam Mela
खाटूश्यामजी के भक्तों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। फाल्गुन लक्खी मेला 2026 को लेकर इस बार प्रशासन ने कई डिजिटल और सुविधाजनक बदलाव किए हैं, जिससे बाबा श्याम के दर्शन पहले से अधिक सरल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित हो सकें। प्रशासन का फोकस इस बार व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाते हुए श्रद्धालुओं की परेशानियों को कम करना है।
मेले से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी अब एक ही वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। SDM मोनिका सामोर ने बताया कि SHYAMSARATHI.COM नाम से एक विशेष वेबसाइट तैयार की गई है, जो 5 फरवरी से सक्रिय हो जाएगी। इस वेबसाइट पर श्रद्धालुओं को खाटू आने-जाने के सभी मार्गों की जानकारी, मंदिर की समय-सारिणी, दर्शन मार्ग, पार्किंग ब्लॉक की लोकेशन, भंडारों के लिए ऑनलाइन आवेदन और वाहन पास के ऑनलाइन फॉर्म उपलब्ध होंगे। इससे कागजी प्रक्रिया कम होगी और अनावश्यक भीड़ से भी राहत मिलेगी।
पार्किंग व्यवस्था को भी इस बार पूरी तरह हाईटेक बनाया जा रहा है। DSP आनंद राव के अनुसार मेले में सभी प्रमुख पार्किंग स्थलों के लिए QR कोड जारी किए जाएंगे। QR कोड स्कैन करते ही श्रद्धालु संबंधित पार्किंग की दिशा, पूरी जानकारी और उसकी क्षमता जान सकेंगे। हर पार्किंग के लिए अलग रंग का QR बैकग्राउंड होगा, जिससे पहचान आसान होगी और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में 44 डिजिटल स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इन स्क्रीन के माध्यम से हर रास्ते से बाबा श्याम के लाइव दर्शन किए जा सकेंगे। इसके साथ ही साइन बोर्ड, दिशा-निर्देश, रूट की जानकारी और अन्य आवश्यक सूचनाएं भी दिखाई जाएंगी। LED स्क्रीन पर समय-समय पर अलर्ट और जरूरी अपडेट प्रसारित किए जाएंगे, जिससे भक्तों को सही जानकारी मिलती रहे।
स्थानीय लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय भी लिया है कि उन्हें आधार कार्ड के आधार पर आने-जाने में छूट दी जाएगी। इसके लिए जगह-जगह फ्लेक्स और बैनर लगाए जाएंगे और सुरक्षा कर्मियों को भी इस व्यवस्था की पूरी जानकारी दी जाएगी, ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी न हो।
इसके अलावा बैठक में अधिकारियों को सड़क व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, सुलभ शौचालय, अस्थायी अतिक्रमण हटाने, पार्किंग प्रबंधन, दर्शन मार्ग और मंदिर परिसर की साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि इस बार खाटूश्यामजी फाल्गुन मेले में श्रद्धालुओं को डिजिटल माध्यमों से अधिकतम सुविधा मिले और अव्यवस्थाओं को न्यूनतम किया जा सके।
बोलो बाबा श्याम की जय 🙏
सोशल मीडिया पर हमसे जुड़ें (Connect With Us on Social Media)
डिस्क्लेमर (Disclaimer)
इस लेख में शैक्षिक उद्देश्य के लिए दी गई जानकारी विभिन्न ऑनलाइन एवं ऑफलाइन स्रोतों से ली गई है जिनकी सटीकता एवं विश्वसनीयता की गारंटी नहीं है। आलेख की जानकारी को पाठक महज सूचना के तहत ही लें क्योंकि इसे आपको केवल जागरूक करने के उद्देश्य से लिखा गया है। इसके अतिरिक्त इसके किसी भी उपयोग की जिम्मेदारी स्वयं उपयोगकर्ता की ही रहेगी।
Tags:
Shyam-Mandir-Updates
